नई वाहन के VIP नंबर 0009 के लिए लगी ₹5.40 लाख की बोली
नई UK08 BM सीरीज़ शुरू होते ही ई-नीलामी में उमड़ा उत्साह
हरिद्वार। हरिद्वार में परिवहन विभाग द्वारा नई वाहन पंजीकरण श्रृंखला UK08 BM शुरू होते ही फैंसी (VIP) वाहन नंबरों को लेकर लोगों में जबरदस्त दीवानगी देखने को मिली। ऑनलाइन ई-नीलामी में वाहन स्वामियों ने रिकॉर्ड स्तर पर भाग लिया और अपनी पसंदीदा नंबर प्लेट हासिल करने के लिए लाखों रुपये तक की बोलियां लगा दीं। नई सीरीज़ के खुलते ही मिली इस अभूतपूर्व प्रतिक्रिया ने साबित कर दिया कि अब फैंसी नंबर केवल पहचान ही नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा और स्टेटस सिंबल भी बन चुके हैं।
ई-नीलामी में सबसे अधिक चर्चा UK08 BM 0009 नंबर की रही, जिस पर ₹5.40 लाख की सर्वाधिक बोली लगी। इसके बाद UK08 BM 0001 के लिए ₹4.91 लाख, 0007 के लिए ₹3.88 लाख, 0008 के लिए ₹1.73 लाख, 0002 के लिए ₹1.41 लाख तथा 9000 के लिए ₹91 हजार की बोली प्राप्त हुई। इसके अलावा 0005, 0006, 0004, 1111, 8888, 5555, 0101, 0099, 0077 और 0999 जैसे लोकप्रिय नंबरों के लिए भी लोगों ने बढ़-चढ़कर बोली लगाई।
इस ई-नीलामी से परिवहन विभाग को उल्लेखनीय राजस्व प्राप्त हुआ, जिससे राज्य सरकार की आय में भी महत्वपूर्ण बढ़ोतरी हुई है। ऑनलाइन ई-ऑक्शन प्रणाली के कारण पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और सुविधाजनक रही, जिससे प्रतिभागियों ने बिना किसी परेशानी के अपनी पसंद के नंबरों के लिए प्रतिस्पर्धा की।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) हरिद्वार, निखिल शर्मा ने बताया कि नई UK08 BM श्रृंखला शुरू होते ही नागरिकों ने फैंसी नंबरों के प्रति असाधारण उत्साह दिखाया। उन्होंने कहा कि विभाग की ऑनलाइन ई-नीलामी व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी है और निर्धारित प्रक्रिया के तहत कोई भी इच्छुक व्यक्ति अपनी पसंद का पंजीकरण नंबर प्राप्त कर सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि फैंसी नंबरों से होने वाली आय राज्य सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण राजस्व स्रोत है और भविष्य में भी इस प्रकार की ई-नीलामी नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेगी।



