सीजेपी के मौजूदा समय के धरना प्रदर्शन से पहले जरा याद कीजिए वह दौर कि जब देश के प्रसिद्ध समाजसेवी अन्ना हजारे ने एक आंदोलन किया था और उस आंदोलन में देश के विभिन्न जगहों से भारी संख्या में लोग दिल्ली पहुंचे और आंदोलन में शामिल होकर उन्होंने हजारे की आवाज में आवाज मिलाई थी. उस दौरान अन्ना हजारे के मंच पर कई ऐसे लोग थे जो यह कहते थे कि हम पॉलिटिक्स में नहीं आएंगे क्योंकि पॉलिटिक्स का स्तर बहुत गिर चुका है हम इसी तरह से सामाजिक कार्यों में लगे रहेंगे और जनता की सेवा करते रहेंगे लेकिन बाद में उस मंच पर मौजूद अधिकतर चेहरे पॉलिटिक्स में उतरे कुछ ने कई राजनीतिक पार्टियों में जाकर अपने लिए जमीन तैयार की तो कुछ ने अपनी अलग पार्टी बनाई. अन्ना हजारे के आंदोलन से एक बड़ा नाम अरविंद केजरीवाल का भी रहा जिन्होंने बाद में आम आदमी पार्टी बनाई और दिल्ली के वह मुख्यमंत्री रहे और आज आम आदमी पार्टी एक बड़ी पार्टी बन चुकी है पंजाब में वह सत्ता में है.
इसी तरह सीजेपी यानी कॉकरोच जनता पार्टी की बात करें तो इस पार्टी का भविष्य क्या होगा इसके बारे में फिलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं हो सका है लेकिन इतना जरूर है कि इस पार्टी के मंच से भी कुछ राजनीतिक चेहरे जल्दी ही सामने आ सकते हैं और वह राजनीति का रुख कर सकते हैं. कॉकरोच जनता पार्टी के कुछ चेहरे अगर अलग राजनीतिक पार्टी बना लें तो इसमें हैरत नहीं होनी चाहिए क्योंकि ऐसा पूर्व में भी होता आया है. एक मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी तो विदेश से कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए भारत आते हैं और यहां पर प्रदर्शन में शामिल होते हैं प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं और फिर वापस विदेश चले जाते हैं. आज कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन में बहुत लोग जुटे हुए हैं जो विपक्षी दल है उनका भी समर्थन कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं को है. कॉकरोच जनता पार्टी की नीतियों से सहमति या सहमति हो सकती है लेकिन यह भी एक सच है कि सीजेपी से बहुत बड़ी संख्या में युवा जुड़ चुके हैं और यह जहां कहीं पर भी धरना प्रदर्शन की घोषणा करते हैं वहां पर भारी संख्या में युवा पहुंच जाते हैं.जो यह साबित करता है कि आज युवाओं की एक बड़ी आबादी इसकी हिमायत में है और इसी वजह से यह लोग लगातार कहीं ना कहीं प्रदर्शन करते रहते हैं.
अभी तक तो कॉकरोच जनता पार्टी के नेता यही कहते रहे हैं कि उनका राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है लेकिन समय बदलते देर नहीं लगती और कब कॉकरोच जनता पार्टी के मंच से कुछ चेहरे राजनीति में आ जाए कुछ नहीं कहा जा सकता. यह भी हो सकता है कि कॉकरोच जनता पार्टी के नेता मंच से राजनीतिक पारी खेलने की तैयारी कर रहे हों और उनको सही समय का इंतजार हो कि जैसे ही सही समय आए वह राजनीति में उतरें.