कांग्रेस के हल्ला बोल में गुलजार अहमद का शक्ति प्रदर्शन
समर्थकों की भारी भीड़ के साथ मुख्यमंत्री आवास घेराव में पहुंचे पूर्व राज्यमंत्री
देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान, बढ़ते महिला अपराध, पेपर लीक, सरकारी नौकरियों में कथित अनियमितताओं, किसानों के उत्पीड़न और जमीनों की नीलामी जैसे मुद्दों को लेकर सोमवार को देहरादून में कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार हल्ला बोला। मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए प्रदेशभर से पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जहां सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की, वहीं सहसपुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व राज्यमंत्री गुलजार अहमद ने बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ पहुंचकर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। गुलजार अहमद के नेतृत्व में पहुंचे समर्थकों की भारी मौजूदगी प्रदर्शन के दौरान चर्चा का प्रमुख केंद्र रही। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ आंदोलन में शामिल होकर उन्होंने सहसपुर क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता और संगठन के बीच अपनी मजबूत पकड़ का संदेश देने की कोशिश की। समर्थकों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कांग्रेस के आंदोलन को अपना समर्थन दिया। मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर युवाओं, महिलाओं और किसानों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए विभिन्न मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा। गुलजार अहमद के साथ बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी को सहसपुर की सियासत में उनके प्रभाव और राजनीतिक सक्रियता के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले उनके इस शक्ति प्रदर्शन ने सहसपुर सीट को लेकर कांग्रेस के भीतर चल रही राजनीतिक गतिविधियों को भी चर्चा में ला दिया है। राजनीतिक हलकों में अब इस बात को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में गुलजार अहमद की सक्रियता आने वाले दिनों में कांग्रेस की चुनावी रणनीति को किस दिशा में प्रभावित करती है। सोमवार के प्रदर्शन में समर्थकों की मौजूदगी ने इतना जरूर संकेत दिया कि सहसपुर की सियासत में गुलजार अहमद अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने के लिए पूरी तरह सक्रिय हैं।