758वें साबिर पाक उर्स की तैयारियां तेज, प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा
संयुक्त मजिस्ट्रेट और एसपी देहात की अध्यक्षता में हुई बैठक, जायरीनों की सुविधा और कानून-व्यवस्था को लेकर विभागों को दिए गए आवश्यक निर्देश
पिरान कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह हजरत साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स एवं मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उर्स को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को कोतवाली पिरान कलियर परिसर में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ और एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने की।
बैठक में उर्स के दौरान देशभर से आने वाले लाखों जायरीनों की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, बैरिकेडिंग, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सभी विभागों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
हुड़दंगियों पर सख्ती की उठी मांग
बैठक के दौरान स्थानीय लोगों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उर्स के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हुड़दंगियों एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही दरगाह क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत, प्रसाद की दुकानों के ठेकों की प्रक्रिया समय पर पूरी कराने तथा मेहंदी डोरी की रस्म के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की भी मांग अधिकारियों के समक्ष रखी गई।
*हर विभाग को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी*
संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने कहा कि उर्स से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जायरीनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पार्किंग, ट्रैफिक डायवर्जन, पेयजल, सफाई, प्रकाश, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
*जर्मन हैंगर केवल जायरीनों की सुविधा के लिए*
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उर्स के दौरान लगाए जाने वाले जर्मन हैंगर केवल जायरीनों की सुविधा के लिए उपयोग किए जाएंगे। इनमें किसी भी प्रकार के अन्य कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों ने संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने पर जोर दिया।
बैठक में सीओ भगवानपुर सुमित पांडेय, तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी, कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी, एसएसआई राजेश बिष्ट, नगर पंचायत ईओ कुलदीप सिंह चौहान, लेखाकार सद्दाम, सुपरवाइजर राव सिकंदर, सारिक नियाजी, इंतखाब आलम, अफजाल, असलम कुरैशी, चेयरमैन प्रतिनिधि सलीम अहमद, शफक्कत अली, असद मियां, हाजी सलीम अहमद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।